लखनऊ के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में घुसकर दुकानदार को गोली मारी, दो बदमाश वारदात अंजाम देकर फरार

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने एक शॉपिंग कॉप्लेक्स में दुकानदार को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक दुकानदार पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निपुण अग्रवाल ने बताया, ‘यह घटना शुक्रवार की रात करीब 10:15 बजे अंसल सुशांत गोल्फ सिटी के शॉपिंग स्क्वायर-2 में हुई, जिसकी सूचना नियंत्रण कक्ष के जरिए मिली।’ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया

उन्होंने बताया कि घायल की पहचान अवधेश कुमार पाठक (60) के रूप में हुई है, जो संत कबीर नगर जिले के निवासी हैं। वह फिलहाल लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में रहते हैं और उनकी दुकान शॉपिंग स्क्वायर-1 में है। पुलिस ने बताया कि पाठक अपनी दुकान का कुछ सामान अपनी निजी कार में रख रहे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर गोली चला दी, जो उनकी दाहिनी आंख के ऊपर लगी।

लखनऊ मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया

पुलिस के अनुसार उन्हें तुरंत मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। डीसीपी ने बताया कि पीड़ित की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी शिकायत दर्ज की गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *